भारतीय ज्ञान परंपरा को सरल और प्रामाणिक रूप में समझाने का एक प्रयास...

28 अक्टूबर 2026 ·

समदृष्टि

समदृष्टि

हम अक्सर किसी को उसका पद जानकर सुनते हैं, उसकी आय देखकर सम्मान देते हैं और उसका परिचय सुनकर दूरी बना लेते हैं। समदृष्टि इस आदत के सामने एक सीधा प्रश्न रखती है: क्या व्यक्ति की गरिमा हमारे अनुमान से छोटी हो सकती है? पाँचवें भाग की यह व्याख्या बाहरी भिन्नताओं के बीच आत्मिक समानता और व्यवहार में न्याय की ओर ध्यान ले जाती है।

भिन्न रूपों में एक आत्मिक आधार

सच्चा ज्ञानीजन विद्या और विनम्रता से सम्पन्न ब्राह्मण, गाय, हाथी, कुत्ते और चांडाल; इन सबको समान दृष्टि से देखते हैं, श्रीमद्भगवद्गीता के भाग पाँच के अठारह संख्या श्लोक में श्रीकृष्ण यही कह रहे हैं। सच्चा ज्ञानी केवल ज्ञान प्राप्त करने के पश्चात, ज्ञानी ही बना नहीं रह सकता; उसे अपनी दृष्टि को सदैव सम रखना होता है। अब चाहे उसके सामने कोई भी क्यों ना हो। यहाँ पर ये गाय, हाथी, कुत्ते या चांडाल का केवल उदाहरण है। उस मानव को ये दृष्टि सबके लिए रखनी होगी। साधारण मानव भेदभाव करते रहते हैं; जाति, रूप, रंग, पद और परिस्थितियों के आधार पर। परंतु सच्चा ज्ञानी सबमें एक ही आत्मा और परमात्मा का अंश देखता है। ब्राह्मण हो या चांडाल, पशु हो या मानव, आत्मा सबमें एक ही है। इसलिए ज्ञानी का दृष्टिकोण भेदभाव से परे, समता पर आधारित होता है। यही ज्ञानी का उच्च आदर्श है। यही सच्चे पण्डित या ज्ञानी की पहचान है कि वह हर प्राणी को समान दृष्टि से देखता है।

भगवान कृष्ण के कहने का तात्पर्य ही ये है कि समदृष्टि का मतलब यह नहीं है कि सबके बाहरी गुण या कर्म समान हैं। ब्राह्मण और चांडाल का व्यवहार अलग-अलग है, गाय और हाथी की प्रकृति अलग है। लेकिन ज्ञानी उनकी बाहरी भिन्नता नहीं देखता, वह उनकी आत्मा को देखता है। और आत्मा सबमें एक समान है; शुद्ध, नित्य, अविनाशी। सामान्य मानव शरीर, जाति, भाषा, धर्म या आचरण के आधार पर भेदभाव करता है। यह अज्ञान का परिणाम है। जब तक वे शरीर को ही मैं मानता रहेगा, तब तक वे भेदभाव करेगा। लेकिन जब उसे ज्ञान आ जाएगा कि असली मैं आत्मा है, तब सबमें उसे वही आत्मा दिखने लगेगी।

समदृष्टि का महत्व अत्यंत गहरा और जीवन को संतुलित बनाने वाला है। समदृष्टि का अर्थ है सभी प्राणियों, परिस्थितियों और वस्तुओं को समान भाव से देखना, बिना किसी पक्षपात, मोह या द्वेष के। जब मानव यह समझ लेता है कि हर आत्मा एक ही परमात्मा का अंश है, तो वह किसी को ऊँचा-नीचा, बड़ा-छोटा, अमीर-गरीब, जाति-धर्म या रंग-रूप के आधार पर भेदभाव नहीं करता। वास्तव में समदृष्टि का अभ्यास ही वह आधार है जिस पर समाज की सच्ची एकता और शांति टिकी होती है। यदि जीवन को देखें तो पाते हैं कि भिन्नता हर जगह है; किसी के पास धन अधिक है, किसी के पास ज्ञान, किसी के पास बल, तो किसी के पास दया की गहराई। लेकिन इन सबके बावजूद सबका आधारभूत अस्तित्व एक ही है। जैसे समुद्र की लहरें अलग-अलग आकार और गति से उठती हैं, परंतु सब एक ही जल में विलीन होती हैं, वैसे ही हमें सब मानवों को भी, जो एक ही ब्रह्म से उत्पन्न हुए हैं; वापिस उसी ब्रह्म में लौटना हैं। समदृष्टि सिखाती है कि दूसरों की सफलता पर जलन नहीं करनी चाहिए और दूसरों के दुःख को देखकर घृणा या दूरी नहीं बनानी चाहिए। यह दृष्टिकोण जीवन में संतुलन और करुणा को जन्म देता है।

सम्मान का दैनिक अभ्यास

जब किसी के अंदर समदृष्टि आती है तो वह दूसरों के प्रति करुणा और सहानुभूति से भर जाता है। उदाहरण के लिए, यदि कोई गरीब मानव सामने आता है तो वह उसे दया के योग्य समझकर वह उसकी सहायता करता है, लेकिन साथ ही उसे कमतर नहीं आंकता। इसी प्रकार यदि कोई अमीर सामने आता है तो उससे ईर्ष्या नहीं करता, बल्कि उसे भी उसी आत्मा का साथी मानता है, उससे कोई प्रतिस्पर्धा नहीं करता। समदृष्टि का अर्थ यह नहीं है कि हम भिन्नताओं को नकार दें, बल्कि यह है कि भिन्नताओं को स्वीकार करते हुए भी सबके प्रति समान भाव बनाए रखें। यही भाव हमें क्रोध, लोभ, अहंकार और द्वेष से दूर रखे गा। जब हम हर मानव को अपने जैसा मानने लगते हैं, तब न केवल हमारे संबंध सुधरते हैं, बल्कि जीवन में आंतरिक शांति भी स्थापित होती है।

समदृष्टि का सबसे बड़ा महत्व यह है कि यह मानव को न्यायप्रिय बनाती है। जब दृष्टि में कोई पक्षपात नहीं रहता, तो निर्णय भी निष्पक्ष होते हैं। यही गुण एक अच्छे मित्र, नेता, गुरु और परिवारजन को दूसरों से अलग करता है। यदि समाज में हर कोई समदृष्टि का पालन करने लगे, तो विवाद, झगड़े, युद्ध और हिंसा अपने आप समाप्त हो जाएँ। क्योंकि इनका मूल कारण ही पक्षपात, लोभ और भेदभाव होता है। समदृष्टि हमें सिखाती है कि सभी धर्म सत्य की ओर ले जाने वाले मार्ग हैं, सभी प्राणी जीवन जीने के अधिकारी हैं और सभी में वही चेतना है।

यहाँ पर श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने यहाँ उदाहरण देकर समझाया है कि ज्ञानी मानव ब्राह्मण, गाय, हाथी, कुत्ते और चांडाल को भी समान दृष्टि से देखता है। शरीर भिन्न-भिन्न हो सकते हैं, लेकिन आत्मा का स्वरूप सबमें समान है। जब यह सत्य हमारे अनुभव में आता है, तब हमें अहंकार का कोई कारण नहीं रहता और हम सभी के प्रति प्रेम तथा सम्मान से भर जाते हैं। यही अवस्था मोक्ष की ओर ले जाती है। हमारे जीवन में भी समदृष्टि की बहुत आवश्यकता है। परिवार में यदि माता-पिता अपने सभी बच्चों को समान दृष्टि से देखें, तो घर में कभी कलह नहीं होगा। यदि शिक्षक सभी विद्यार्थियों को समान भाव से देखें, तो शिक्षा का वातावरण सहज और आनंदपूर्ण हो जाएगा। यदि समाज सभी वर्गों को समान मानकर व्यवहार करे, तो जात-पात और ऊँच-नीच जैसी बुराइयाँ समाप्त हो जाएँगी। यहाँ तक कि कार्यक्षेत्र में भी यदि मालिक और कर्मचारी एक-दूसरे के प्रति सम्मान और समानता का भाव रखें, तो कार्य का वातावरण सुखद और उत्पादक बन जाएगा।

समता और न्याय साथ चलें

आज की दुनिया में जहाँ हर जगह प्रतिस्पर्धा, भेदभाव और असमानता की चर्चा होती है, वहाँ समदृष्टि अपनाना और भी आवश्यक है। यह न केवल हमारी व्यक्तिगत प्रगति में सहायक है, बल्कि समाज को भी सामंजस्य और शांति की ओर ले जाती है। जब हर मानव यह समझेगा कि सभी आत्माएँ समान हैं और सबके भीतर वही दिव्यता है, तब संसार में वास्तविक भाईचारा और शांति स्थापित होगी। समदृष्टि केवल एक विचार या आदर्श नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की वह कला है जो हमें सही मायनों में मानव बनाती है। यह हमारे आचरण, विचार, संबंध और निर्णय सभी में न्याय, करुणा और प्रेम का संचार करती है। समदृष्टि का महत्व इस बात में है कि यह हमें आत्मज्ञान की ओर ले जाती है और हमें वह दृष्टि प्रदान करती है, जिससे हम सबको समान रूप से देख पाते हैं। यही वह भाव है जो मानव को छोटा-बड़ा, ऊँच-नीच, अमीर-गरीब से ऊपर उठाकर सच्चे आत्मिक आनंद और शांति तक पहुँचाता है।

समदृष्टि मानव को अहंकार और द्वेष से मुक्त रखती है। जब कोई सबको समान देखता है, तो उसके सभी ईर्ष्या, घृणा, गर्व और तिरस्कार भाव, मिट जाते हैं। तब उसका मन शुद्ध हो जाता है और वह सच्चे प्रेम और करुणा से भरा रहने लगता है। यही अवस्था कर्मयोगी को स्थिरता और शांति देती है। अद्वैत कहता है कि आत्मा और परमात्मा एक ही हैं और सब जीव उसी सत्य के अंश हैं। जब मानव इस सत्य को देखने लगता है, तो उसके लिए ब्राह्मण और चांडाल, गाय और कुत्ता सब समान हो जाते हैं। यही ‘समदर्शिता’ है। इसी उच्चतम ज्ञान को भगवान कृष्ण ने यहाँ कहा है।

समाज में आज भी कुछ मानव जाति, धर्म, रंग और पद के आधार पर भेदभाव करते हैं। यह श्लोक उन मानवों को ये सिखाता है कि सच्चा ज्ञानी ऐसा नहीं करता। वह सबको समान आत्मा मानकर देखता है। अगर कोई अमीर है और कोई गरीब, कोई पढ़ा-लिखा है और कोई अनपढ़, तो सामान्य दृष्टि उन्हें अलग-अलग सम्मान देती है, तो ये ग़लत है। लेकिन ज्ञानी जानता है कि आत्मा सबमें समान है, इसलिए उसके लिए सम्मान का अर्थ, सबके लिए समान करना है। सच्चा ज्ञान भेदभाव मिटा देता है। ब्राह्मण, गाय, हाथी, कुत्ता, चांडाल आदि, सबमें एक ही आत्मा है; ज्ञानी भगवान के कहे इस सत्य को जानकर सबको समान दृष्टि से देखता है। यही समदृष्टि योग और मुक्ति का मूल आधार है।

एक दिन समदृष्टि के साथ

कल जिन लोगों से मिलें, उनके प्रति अपने व्यवहार पर ध्यान दें। क्या किसी प्रभावशाली व्यक्ति के सामने आपकी वाणी बदल जाती है? क्या सेवा करने वाले व्यक्ति की बात आप अधीरता से काट देते हैं? क्या घर में किसी सदस्य की उम्र या आय के कारण उसकी राय को कम महत्व मिलता है? इन छोटे प्रसंगों में समदृष्टि का अभ्यास शुरू हो सकता है।

हर व्यक्ति को समान काम या समान जिम्मेदारी देना जरूरी नहीं है। योग्यता, परिस्थिति और भूमिका का विचार रहेगा। लेकिन सम्मान, सुनने का अवसर और न्यायपूर्ण व्यवहार सबको मिलना चाहिए। यही अंतर समझना उपयोगी है। आत्मिक समानता की भावना तब उतरती है जब हम किसी की आवश्यकता को देख सकें और अपनी सुविधा से ऊपर उठकर उचित व्यवहार चुनें। ऐसी दृष्टि हमारे संबंधों को अधिक मानवीय बनाती है।

संदर्भ: श्रीमद्भगवद्गीता — भाग 5: कर्म क्या है — अध्याय 5; पुस्तक के श्लोक-क्रम के अनुसार 5.18 की व्याख्या
👍 उपयोगी —👎 सुधार चाहिए —सभी लेख