12 नवंबर 2026 · डॉ. राजेश तकयार
नचिकेता और मृत्यु-ज्ञान

आत्मा का ज्ञान अर्जुन से पहले नचिकेता को मिला था। नचिकेता की कहानी का जिक्र भारतीय ग्रंथ कठोपनिषद् में किया गया है। उसे बचपन से ही प्रश्न करने की बहुत आदत थी। वह जो कुछ भी देखता, उसके पीछे का कारण जानने की जिद करता। वह चाहता था कि उसे सब ज्ञान प्राप्त हो। नचिकेता की आँखों में वही प्राचीन, अनादि जिज्ञासा चमक रही थी।
नचिकेता: सत्य की जिज्ञासा
महर्षि अरुण के पुत्र महान् कीर्ति पाये हुए उद्दालक ऋषि यज्ञ, दान और ज्ञान में बहुत अग्रणी माने जाते थे। एक बार उन्होंने वन में ही फल की इच्छा से एक विश्वजित् नाम का विशाल यज्ञ करने का संकल्प किया। इस यज्ञ में सर्वस्व दान करना पड़ता है। अतः उद्दालक ने भी अपना सारा धन दान करने का निश्चय किया।
उस दिन भी यज्ञ स्थल पर उसने देखा कि जो दान में गायें दी जा रही हैं, वे बूढ़ी हैं, न दूध दे सकतीं हैं, उनके लिए पेट भरने के लिए चरना भी मुश्किल है, उनके स्तनों में दूध भी नहीं रहा, आँखों में धुंध छाई हुई हैं अर्थात मरने वाली हैं, हड्डियाँ उन सबकी उभरी हुईं हैं। वे सब ऐसी गाय थीं जिनका दूध अंतिम बार दुह लिया गया था। नचिकेता ये सब देखकर अंदर से काँप गया। उसे लगा, “दान का अर्थ तो सर्वोत्तम देना है; ऐसा मेरी माता बताती हैं कि दान शुद्ध हृदय का होना चाहिए। फिर ये जर्जर गायें ही क्यों ? पिताजी ये कैसी गाय दे रहे हैं ?”
नचिकेता के मन में उथल-पुथल हो रही थी, पर उसने संयत स्वर में पिता से पूछा - “पिताश्री, दान तो ऐसा होना चाहिए कि लेने वाले के काम आए। क्या ये गाएँ उचित दान हैं ?” उद्दालक ने पहली बार तो उसे अनसुना कर दिया। नचिकेता फिर बोला - “पिताश्री, यदि सब कुछ दान कर रहे हैं तो मैं भी तो आपका धन हूँ, मुझे भी किसी योग्य को दान कर दीजिए। बताइए, मुझे किसे दान करेंगे ?” उद्दालक की भृकुटि तन गई। तीसरी बार नचिकेता ने कहा - “पिताश्री, आप मुझे किसको देंगे?” क्रोध के आवेग में, बिना सोचे-समझे, उद्दालक के मुँह से निकल पड़ा - “तुझे देता हूँ मृत्यु को !”
शब्द जैसे ही निकले, वायुमंडल थम-सा गया। शिष्य स्तब्ध हो गए। पिता ने क्रोध में कहा, पर वचन एक ऋषि का था। नचिकेता समझ गया कि सत्य की रक्षा के लिए उसे मार्ग पकड़ना होगा।
नचिकेता ने अग्नि की परिक्रमा की, गुरुजनों का आशीर्वाद लिया और अकेला ही मृत्यु के द्वार की यात्रा पर निकल पड़ा। कहा जाता है, सत्य के पथ पर चलने वाले के लिए देवता भी मार्ग खोल देते हैं। वह यमलोक पहुँचा, पर यम देव उस समय कहीं बाहर गए हुए थे। तीन रातें बीत गईं। परन्तु नचिकेता उनके द्वार पर अन्न-जल ग्रहण किए बिना, उपवास रखकर बैठा रहा। न कोई शिकायत, न व्यग्रता; बस एक शांत धैर्य और अपने मन में सत्य की जिज्ञासा लेकर नचिकेता बैठा रहा।
मृत्यु का रहस्य
तीन दिन बाद यमराज लौटे। तब उनकी पत्नी ने उन्हें उस बालक के बारे में बताया कि एक ब्राह्मण अतिथि घर पर पधारे हुए हैं। सुनकर यमराज ने देखा, एक बालक तीन रातें से अतिथि बनकर उनकी प्रतीक्षा कर रहा था। वे बहुत लज्जित हुए और नचिकेता के पास जाकर बोले, “हे ब्राह्मण देवता! आप मेरे माननीय अतिथि हैं, अतिथि देवो भवः; मेरी भूल हो गई। आपको नमस्कार है। मुझसे बड़ा अपराध हो गया है। मेरे इस दोष की निवृत्ति करों, ताकि मेरा कल्याण हो। आप तीन रात्रियों से भूखे बैठे हो, इसलिए आप प्रत्येक रात्रि के बदले में मुझसे तीन वर अपनी इच्छा से माँग लो। आप जो भी माँगना चाहो, माँगो।”
यमराज के ये वचन सुनकर नचिकेता के चेहरे पर हल्की मुस्कान आई। उसने कहा, “हे मृत्यु देवता! मैं प्रथम वर माँगता हूँ कि मेरे गौतमवंशीय पिता उद्दालक जो क्रोधवश मुझे आपके पास भेज कर दुःखी हो रहे होंगे, उनका क्रोध शांत हो जाएं, मैं आपसे अनुमति पाकर जब घर जाऊँ तो वे मुझे स्नेह से अपनाएँ, उनकी चित्तवृत्ति निर्मल और स्थिर हो जाए। और मुझे नचिकेता के रूप में पहचानकर मेरे साथ पूर्ववत् बड़े स्नेह से बातचीत करें।”
तब यमराज ने कहा, “तथास्तु। तुम्हें मृत्यु के मुख से छूटा जानकर, मेरी प्रेरणा से तुम्हारे पिता तुम्हें प्रेम से स्वीकार करेंगे; उनके हृदय में कोई रंज न रहेगा, और वे दीर्घायु हों।”
“और अब मैं आपसे दूसरा वर माँगता हूँ।” नचिकेता बोला - “देव, मुझे मालूम है कि जो मानव वहाँ इस स्वर्ग लोक में आते हैं उनको मृत्यु का कोई भय नहीं होता। वहाँ सभी मानव आनन्द भोगते हैं। परंतु वह स्वर्ग अग्नि-विज्ञान को जाने बिना नहीं मिलता। आप मुझे उसी अग्नि-विद्या का रहस्य बताइए; वह यज्ञ जिससे मानव के कर्म शुद्ध होते हैं और उन्नति का द्वार खुलता है। मैं उसे ठीक-ठीक जानना चाहता हूँ, ताकि लोक कल्याण कर सकूँ।”
तब यमराज ने प्रसन्न होकर कहा - “हे नचिकेता! ठीक है मैं तुम्हें उस विद्या के बारे में बताता हूँ जो अत्यन्त गुप्त है और विद्वानों के बुद्धिरूप गुफा में छिपी रहती है।” तब यमराज ने नचिकेता को पूरी विधि बताई कि कैसे उस अग्नि कुण्ड का निर्माण किया जाता है, कौन-सी ईंटें, किस क्रम में, किस भाव से, किस उच्चारण के साथ, किस संकल्प के साथ लगाईं जाती हैं।
तब यमराज ने नचिकेता की स्मृति और बुद्धि की परीक्षा हेतु उस सब को दोहराने को कहा। नचिकेता ने तत्क्षण स्मरण कर लिया और दुहराया भी।
तब सब नचिकेता के मुंह से सुनकर महात्मा यमराज मुसकुराए और बोले - “श्रेष्ठ बालक, तुम्हारी स्मृति अद्भुत है। तुम्हारी ये योग्यता देखकर मैं बहुत प्रसन्न हूँ। अब से यह अग्नि-विधि नचिकेता-अग्नि के नाम से जानी जाएगी।”
नचिकेता की आँखों में वही प्राचीन, अनादि जिज्ञासा चमक रही थी। वह बोला, “हे भगवन्! लोग कहते हैं कि मृत्यु के पार कुछ है; कुछ कहते हैं, कुछ नहीं है। कोई कहता है आत्मा अमर है, कोई कहता है, सब यहीं समाप्त हो जाता है। मैं यह सत्य जानना चाहता हूँ, मरणोपरांत क्या होता है ? आत्मा का स्वरूप क्या है ? आपका जो मत हो, मुझसे कहें। यही आप मुझे तीसरा वर दीजिए।”
नचिकेता का प्रश्न सुनकर क्षण भर के लिए यम मौन हो गए। यह प्रश्न सरल नहीं था। नचिकेता की बुद्धि की मन-ही-मन प्रशंसा करते हुए उन्होंने उसे टालने के उद्देश्य से कहा - “नचिकेता, यह प्रश्न देवता-गण को भी उलझा देता है। मैं तुम्हें तीन वर देने का वचन दे चुका हूँ। तुम कोई अन्य वर माँग लो; दीर्घायु होने का वर ले लो, धन, राज्य, रथ, सुंदरी, कुछ भी; जो तुम चाहो। पर यह आत्म तत्त्व विषय का प्रश्न मत पूछो।”
“धन आज है, कल नहीं होगा; यौवन अभी है, कल ढल जाएगा; रथ, आसन, संगीत; ये सब क्षण-भंगुर हैं। ये सब तो दुःखों के कारक हैं।”
“मैं उसी सत्य को जानना चाहता हूँ जो समय से परे है, मृत्यु से परे है। मैं अपने प्रश्न को लौटा नहीं सकता।”
श्रेय और प्रेय
यमराज की आँखों में प्रशंसा चमकी, वे बोले—“हे आराध्य नचिकेता! तुम नाचने-गाने, सुख-विलास, राज-सम्मान, दीर्घ आयु आदि सब ठुकराकर श्रेय को चुन रहे हो, प्रेय को नहीं। बहुत दुर्लभ है तुम्हारा यह विवेक। तो ठीक है, अब तुम सुनो! मनुष्य दो मार्गों में बँटा रहता है, श्रेय यानि कल्याण और प्रेय यानि प्रिय, सुखकर। प्रेय निकट लगता है, चमकता है, बुलाता है; पर थोड़ी दूर चलते ही थका देता है, बाँध देता है। श्रेय कठिन लगता है, पर वही स्वाधीनता देता है। तुमने श्रेय चुना है, इसीलिए तुम्हें यह ज्ञान दे रहा हूँ।” और फिर जैसे गहन वन में किसी ने धीमे-धीमे एक दिव्य आनंदमय वीणा छेड़ दी हो, वैसे ही यमराज देव का वचन बहने लगा।
“नचिकेता! मानव को यह मानव-शरीर केवल योनियों का फल भुगतने के लिए नहीं मिला है। वेदों में सुख के केवल दो ही साधन कहे गए हैं। पहला है श्रेय अर्थात सदा के लिए सब प्रकार के दुःखों से छुटकारा पा कर परमात्मा में लीन हो जाना। और दूसरा है प्रेय अर्थात धन, स्त्री, सुख, मकान, भूमि और यश-सम्मान आदि पाकर स्वर्ग लोक की प्राप्ति का उपाय खोज़ना। इस प्रकार से अपने-अपने ढंग से मानव प्रयत्न करता रहता है। परन्तु यह मानव-देह अनित्य है, इंद्रियाँ चंचल हैं और मन भटकने वाला है। पर इनमें से कोई भी ‘मैं’ नहीं है। जैसे यह रथ तो है। इसमें देह रथ है, इंद्रियाँ इसके घोड़े हैं, मन लगाम है, बुद्धि सारथी है, और आत्मा; इस रथ पर बैठा हुआ स्वामी है। जो सारथी है, वह सजग है, लगाम दृढ़ है, घोड़े सधे हुए हैं, यह रथ स्वामी को सुरक्षित लक्ष्य तक पहुँचाता है। और अगर जो लगाम ढीली हो, घोड़े उच्छृंखल हों, सारथी भी अचेत रहता हो, तो ऐसा रथ मार्ग से भटक जाता है। मन और इंद्रियों को साधना ही आत्मा तक पहुँचने का उपाय है।”
“सुनो नचिकेता! यह आत्मा न जन्म लेता है, न मरता है; न इसे कोई हथियार काट सकता है, न अग्नि जला सकती है, न जल भिगो सकता, न वायु सुखा सकती है। यह स्वयं प्रकाश है, पर अप्रकाशित को प्रकाशित करती है। सूर्य, चंद्रमा, अग्नि; किसी के प्रकाश की उसको आवश्यकता नहीं है; जहाँ वह है, वहाँ ‘मैं’ और ‘मेरा’ की सीमाएँ मिट जाती हैं।”
नचिकेता तन्मय होकर सुनता रहा। यमराज ने आगे कहा - “अपने भीतर के साक्षी को पहचानो; वह जो हर अनुभव को देखता है, पर स्वयं अनुभवों से बँधता नहीं। न आँखें उसे देख सकती हैं, न वाणी उसे पकड़ सकती है, न बुद्धि उसे तौल सकती है। पर जब मन निर्मल हो, इच्छाएँ शांत हों, दृष्टि भीतर को मुड़े तो वह स्वयं प्रकट हो जाता है। जैसे बादल हटते ही सूर्य का प्रकाश स्वतः दिखाई देने लगता है।”
आत्मा का प्रकाश
तब नचिकेता बोला - “भगवन्! अब मुझे समझ आया कि मृत्यु अंत नहीं है, एक द्वार है। जो स्वयं को देह मानता है, वह भयभीत होता है; जो स्वयं को आत्मा जान लेता है, वह निर्भय हो जाता है। अब मुझे लौटना चाहिए, मेरे पिता मेरा इंतज़ार कर रहे होंगे।”
जब नचिकेता आश्रम पहुँचा तो उसके पिता चिन्ता में द्वार पर खड़े थे। उनके चेहरे पर पछतावा और प्रेम दोनों का मिश्रण था। उन्होंने अपने पुत्र नचिकेता को देखा तो भाग कर अपने हृदय से लगा लिया और भारी आवाज़ में बोले - “पुत्र नचिकेता! मुझे तू क्षमा कर, मैंने क्रोध में जो कहा, उसका मुझे बहुत पछतावा है।”
नचिकेता मुस्कुरा कर बोला - “पिताश्री, क्रोध भी बादल ही तो है; आया, बरसा और फिर लुप्त हो गया। सूर्य तो वहीं पर है। आइए, बैठिए; मैं आपको यमराज से सीखी हुई अग्नि-विधि बताऊँगा।”
एक बार एक युवक आया; उसकी आँखों में चमक थी परन्तु उसके मन में द्वंद्व चल रहा था। वह आकर नचिकेता से बोला - “मैंने बहुत कुछ पढ़ लिया, परन्तु मेरे भीतर शांति नहीं है। मैं क्या करूँ ?”
नचिकेता उसे पास में बहती नदी के किनारे पर ले गया और पूछा - “तुम्हें नदी का बहाव दिख रहा है ?”
युवक बोला - “हाँ।”
नचिकेता ने कहा - “बहाव रोकना मत सीखो, देखना सीखो। विचारों का बहाव भी नदी समझो। तुम उसे रोकोगे तो बाँध फूट जाएगा। तुम उसे ऐसे ही बहने दो, केवल साक्षी बने रहो, तो वह तुम्हें सागर तक लेकर जाएगा; जहाँ लहरों का भी अंत नहीं, समुद्र का भी अंत नहीं; पर लहरों का अहंकार वहाँ पर जाकर मिट जाता है।”
धीरे-धीरे नचिकेता का नाम केवल एक कथानक नहीं रहा; वह एक आदर्श बन गया। जिज्ञासा का आदर्श, व्रत का आदर्श, चयन का आदर्श। प्रत्येक प्रश्न का उत्तर वह दे देता था। उसने सिखाया कि कोई भी उम्र, कोई भी परिस्थिति, कोई भी जन; यदि सच्चे मन से प्रश्न पूछ सके, और प्रेय पर श्रेय चुन सके, तो यम जैसा गुरु भी उसके लिए द्वार खोल देता है।
नचिकेता की कहानी का सार यही है कि जीवन केवल उत्तरों का संग्रह नहीं है; जीवन सही प्रश्न करने की हिम्मत है, सही चयन करने का साहस है, और उस चयन पर डटे रहने की साधना है। जो यह कर पाए, उसके लिए यमराज भी गुरु बन जाते हैं, मृत्यु भी अपना रहस्य खोल देती है, और आत्मा, जो हमेशा से था, है, और रहेगा; स्वयं को प्रकट कर देता है।


