28 अक्टूबर 2026 · डॉ. राजेश तकयार
भक्ति की पहचान

किसी की भक्ति को केवल पूजा की अवधि से समझना आसान है, पर अधूरा भी। बारहवें भाग में कृष्ण भक्त के स्वभाव की चर्चा करते हैं। वह दूसरों से कैसे मिलता है, विरोध होने पर कैसे बोलता है और दुःख के समय कैसी दृष्टि रखता है, ये प्रश्न महत्वपूर्ण हो जाते हैं। भक्ति का सौंदर्य संबंधों में उतरकर दिखाई देता है।
भक्ति से स्वभाव में परिवर्तन
अब वह आगे एक रहस्य अर्जुन को और बता रहे हैं कि भक्त का आंतरिक स्वभाव कैसा होता है? यहाँ वह कोई साधना-विधि, ध्यान-प्रणाली या कर्म-सूची नहीं दे रहे, बल्कि वह यह बता रहे हैं कि सच्चा भक्त भीतर से कैसा होता है। भक्ति केवल पूजा, जप या ध्यान का विषय नहीं है, बल्कि व्यवहार और स्वभाव का रूपांतरण भी है। पूजा, जप और ध्यान भक्ति के साधन हैं, पर लक्ष्य नहीं। लक्ष्य यह है कि भक्त का भीतर बदल जाए; उसका मैं नरम हो, उसकी दृष्टि व्यापक हो, और उसके कर्म में शुद्धता आए। यदि कोई भक्त घंटों पूजा करे, पर बाहर निकलकर वही कठोरता, वही छल, वही क्रोध और वही स्वार्थ लेकर चले, तो समझ लेना चाहिए कि भक्ति अभी केवल क्रिया बनी है, चेतना नहीं बनी।
भक्ति का अर्थ है; अपने जीवन के केंद्र को बदल देना। जब तक केंद्र ‘मैं’ है, तब तक पूजा भी अक्सर ‘मेरी इच्छा’ का ही विस्तार है; मुझे यह चाहिए, मेरी समस्या हल हो, मेरा लाभ बढ़े। पर जब केंद्र ईश्वर बनते हैं, तब जीवन का मापदंड बदल जाता है; क्या यह कर्म धर्म के अनुसार है? क्या इससे किसी को अनावश्यक चोट तो नहीं? क्या मेरे शब्दों में करुणा है? क्या मेरे निर्णयों में सत्य है? यही रूपांतरण भक्ति का प्रमाण है।
भक्ति स्वभाव को इसलिए बदलती है क्योंकि वह अहंकार को ढीला करती है। अहंकार ढीला होगा तो क्षमा बढ़ेगी। क्षमा बढ़ेगी तो संबंध सुधरेंगे। लोभ कम होगा तो संतोष आएगा। संतोष आएगा तो मन शांत होगा। और जब मन शांत होगा, तब विवेक साफ होगा। यह पूरा क्रम भीतर से शुरू होकर बाहर के व्यवहार में प्रकट होता है। इसलिए भक्ति का ‘असली मंदिर’ भक्त का मन और उसका आचरण है।
भक्त का सबसे बड़ा संकेत उसके संस्कार हैं; वह कैसे बोलता है, कैसे सुनता है, कैसे सहता है, कैसे देता है। वह ग़लत को ग़लत कह सकता है, पर द्वेष से नहीं। वह कठोर निर्णय ले सकता है, पर क्रूरता से नहीं। वह सफल हो सकता है, पर घमंड से नहीं। यही संतुलन बताता है कि भक्ति जीवन में उतर रही है। ईश्वर-स्मरण केवल बैठने की क्रिया नहीं, जीने की शैली बन जाए, तभी वह भक्ति है। जब कर्म, भाषा और दृष्टि में करुणा, सत्य और विनम्रता उतर आए; तभी भक्ति पूर्ण होती है।
भवभयहर कृष्ण अर्जुन से कहते हैं कि सच्चे भक्त का सबसे पहला गुण है ‘अद्वेष्टा सर्वभूतानाम्’। अर्थात् सच्चा भक्त किसी से द्वेष नहीं करता। इसका अर्थ यह नहीं है कि वह अन्याय को स्वीकार कर लेता है, बल्कि यह है कि वह अपने भीतर घृणा नहीं पालता। घृणा-द्वेष भक्त को भीतर से जला देते हैं और भक्ति को असंभव बना देते हैं। जहाँ द्वेष है, वहाँ ईश्वर नहीं टिकते। इसलिए मैं सबसे पहले द्वेष-रहित होने की बात कह रहा हूँ।
द्वेष और अहंकार की पहचान
दूसरा गुण है, ‘मैत्रः करुणः’। अर्थात् भक्त सबको मित्र की दृष्टि से देखता है और करुणामय रहता है। मित्रता का अर्थ स्वार्थ नहीं, बल्कि अपनापन है। करुणा का अर्थ है कि दूसरे के दुःख को देखकर भीतर संवेदना जागना। सच्चा भक्त दूसरों के दुःख से कठोर नहीं होता। उसका हृदय नरम होता है, क्योंकि वह जानता है कि ईश्वर स्वयं करुणा के सागर हैं।
फिर श्री दयाघन अर्जुन से आगे कह रहे हैं कि ‘निर्ममः निरहंकारः’। ‘मेरा’ और ‘मैं’; यही दो शब्द संसार के अधिकांश संघर्षों की जड़ हैं। जब भक्त ‘मेरा अधिकार’, ‘मेरी प्रतिष्ठा’, ‘मेरी बात’ में उलझ जाता है, तब अहंकार जन्म लेता है। मेरा सच्चा भक्त इन दोनों से मुक्त रहता है। वह जानता है कि सब कुछ ईश्वर का है और मैं केवल माध्यम हूँ। इसलिए उसके भीतर घमंड नहीं टिकता।
‘समदुःखसुखः’ अर्थात् भक्त का यह बहुत गहरा गुण है। इसका अर्थ यह नहीं कि सच्चे भक्त को दुःख या सुख महसूस ही नहीं होता, बल्कि यह है कि वह उनसे टूटता नहीं है। सुख आए तो वह बहकता नहीं और दुःख आए तो वह बिखरता नहीं। उसका मन स्थिर रहता है, क्योंकि उसका आधार परिस्थितियाँ नहीं, ईश्वर हैं।
अंत में भगवान् गोविंद मुरारी अर्जुन से कहते हैं; ‘क्षमी’। अर्थात् क्षमा, भक्ति का सबसे सुंदर फूल है। जो क्षमा कर सकता है, वही वास्तव में बलवान है। क्षमा का अर्थ दुर्बलता नहीं, बल्कि अहंकार का त्याग है। सच्चा भक्त बदले की भावना नहीं रखता, क्योंकि वह जानता है कि ईश्वर न्याय करते हैं। भाव यह है कि ईश्वर को पाने के लिए पहले मानव बनना आवश्यक है। जहाँ द्वेष, अहंकार और कठोरता छूटती है, वहीं भक्ति जन्म लेती है। ऐसे ही गुणों वाले को ब्रह्मज्ञानी कहा जाता है। यह वाक्य केवल नैतिक सलाह नहीं है; यह आध्यात्मिक सत्य का संकेत है। क्योंकि ईश्वर-प्राप्ति का अर्थ किसी दूर की वस्तु को पकड़ना नहीं, बल्कि अपने भीतर के आवरणों को हटाना है। द्वेष, अहंकार और कठोरता; ये तीन बड़े आवरण हैं जो मन को संकीर्ण बनाते हैं। मन संकीर्ण होता है तो वह सत्य को भी छोटा कर देता है, और जीवन को भी। भक्ति का जन्म तब होता है जब भक्त के मन का यह संकीर्ण-पन टूटता है और चेतना का विस्तार शुरू होता है।
क्षमा के साथ विवेक
अहंकार दूसरा आवरण है। अहंकार केवल ‘मैं बड़ा हूँ’ नहीं है; अहंकार वह केंद्र है जहाँ ‘मैं’ सत्य से बड़ा हो कर रहता है। अहंकार कहता है कि मेरी बात सही, मेरी इच्छा प्रधान, मेरी चोट सबसे बड़ी। अहंकार की समस्या यह है कि वह भक्त को अकेला कर देता है। वह दूसरों से जुड़ने की क्षमता घटाता है और ईश्वर से जुड़ने की क्षमता भी घटाता है। क्योंकि ईश्वर से जुड़ाव का अर्थ है; स्वयं को एक बड़े सत्य में रखना। अहंकार स्वयं को केंद्र मानता है; भक्ति ईश्वर को केंद्र मानती है। इसलिए अहंकार के ढीला पड़ते ही भक्ति का स्थान बनता है।
भक्त का क्षमी होना इसी कारण आवश्यक है। क्षमा का अर्थ यह नहीं कि ग़लत को सही मान लिया जाए। क्षमा का अर्थ है; मन में विष न रखना। क्षमा का अर्थ है; अपने भीतर प्रतिशोध की आग न पालना। प्रतिशोध मन को जलाता है, और जला हुआ मन ईश्वर के निकट नहीं जा सकता। क्षमा मन को हल्का करती है। और हल्का मन ही प्रार्थना कर सकता है, ध्यान कर सकता है, और सच में प्रेम कर सकता है। कई बार भक्त कहता है कि वह ईश्वर से प्रेम करता है, पर भीतर वह लोगों से नफ़रत पाले हुए है। इस विरोधाभास ने उसके मन को दो टुकड़ों में बाँट रखा है। क्षमा आएगी तो वह इस विभाजन को जोड़ेगी। वह बताए गी कि मेरी आत्मा का मूल्य उस चोट से बड़ा है जो मुझे लगी है।
‘ईश्वर पाने के लिए पहले मानव बनना होगा’, मैं तुम्हें इसकी गहराई बताता हूँ। ईश्वर-प्राप्ति कोई लम्बी दौड़ नहीं है; यह भक्त के भीतर की परिष्कृति है। जब तक भक्त दूसरों को केवल साधन समझेगा, जब तक वह छल को बुद्धि समझेगा; जब तक वह क्रोध को शक्ति समझेगा, तब तक वह ईश्वर के नाम पर भी अपने ही अहंकार की पूजा करेगा। इसलिए पहला कदम ‘मानव बनना’ है; अर्थात् संवेदनशील, ईमानदार, और ज़िम्मेदार बनना। ईश्वर तक पहुँचने का रास्ता मनुष्यता से होकर जाता है, क्योंकि मनुष्यता ही वह भूमि है जहाँ भक्ति का बीज उगता है।
यहाँ एक संतुलन भी जरूरी है। ‘नरम’ होना कमज़ोरी नहीं है। क्षमा करना कायरता नहीं है। करुणा का अर्थ अन्याय सहना नहीं है। सच्चा भक्त और ब्रह्मज्ञानी विवेक भी रखता है। वह ग़लत का विरोध कर सकता है, सीमा तय कर सकता है, और आवश्यक निर्णय भी ले सकता है; पर भीतर द्वेष नहीं रखता। यही आध्यात्मिक परिपक्वता है; कठोर निर्णय भी हो सकता है, पर कठोर हृदय नहीं; न्याय भी हो सकता है, पर प्रतिशोध नहीं।
अंततः भक्ति कोई रस्म नहीं, एक रूपांतरण है। जहाँ द्वेष मिटता है, वहाँ प्रेम जन्म लेता है। जहाँ अहंकार घटता है, वहाँ समर्पण आता है। जहाँ कठोरता पिघलती है, वहाँ करुणा बहती है। और जहाँ करुणा, समता, और क्षमा टिक जाती है; वहीं ईश्वर का निवास अनुभव होने लगता है। यही कारण है कि मैंने कहा कि ईश्वर पाने के लिए पहले मानव बनना होगा। क्योंकि ईश्वर किसी आकाश में नहीं, भक्त के परिष्कृत हृदय में प्रकट होते हैं।
भक्ति को संबंधों में देखें
आज किसी संबंध को याद करें जिसमें मन कठोर हो जाता है। स्वयं से पूछें कि क्या अपनी बात सम्मानपूर्वक कही जा सकती है और क्या दूसरे की बात सुनी जा सकती है। क्षमा का अभ्यास सीमा मिटा देना नहीं है। आवश्यकता हो तो उचित दूरी और स्पष्ट नियम रखें। भीतर द्वेष को बढ़ाते रहने की आदत पर भी ध्यान दें।
मैत्री, करुणा और क्षमा बड़े शब्द अवश्य हैं, पर उनका आरंभ छोटे व्यवहार से होता है। किसी को अपमानित न करना, दुःखी की बात सुनना और अपनी भूल मानना भी भक्ति को जीवन में उतारने के अवसर हैं।


